साइबर ठगी के मामले में आरोपी महिला इंदौर से गिरफ्तारः म्यूचुअल अकाउंट देकर की 1.67 लाख की धोखाधड़ी, 49 हजार 500 रुपए वापस मिले

झालावाड़: साइबर पुलिस ने ऑनलाइन धोखाधड़ी के एक मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने इंदौर की रहने वाली चांदनी यादव को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने अपना म्यूचुअल अकाउंट देकर ठगी में मदद की थी।

पीड़ित दीपक पाटोदी को 26 फरवरी को वॉट्सऐप पर केनरा बैंक के नाम से एक एपीके फाइल मिली। फाइल डाउनलोड करते ही उनका मोबाइल हैक हो गया। इसके बाद उनके फोन पर आने वाले ओटीपी और मैसेज किसी अज्ञात नंबर पर जाने लगे। करीब एक घंटे बाद पीड़ित को पता चला कि उनके केनरा बैंक खाते से 49 हजार 500 रुपए और इंडसइंड बैंक खाते से दो अलग-अलग ट्रांजैक्शन में 50 हजार और 67 हजार रुपए कट गए हैं। कुल मिलाकर 1 लाख 67 हजार रुपए की ठगी हुई।

थानाधिकारी बाबूलाल मीणा के नेतृत्व में साइबर थाने की टीम ने तकनीकी विश्लेषण किया। जांच में पता चला कि इंदौर की चांदनी यादव ने अपना म्यूचुअल अकाउंट उपलब्ध कराकर ठगी में मदद की। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

पुलिस की तुरंत कार्रवाई से 49 हजार 500 रुपए पीड़ित को वापस मिल गए हैं। साथ ही आरोपी महिला का बैंक अकाउंट फ्रीज कर दिया गया है। इस कार्रवाई में हेड कॉन्स्टेबल सुरेश चंद, कैलाशचंद, जगराम नागर, लोकेंद्र सिंह और महिला कॉन्स्टेबल संजू मीणा का सहयोग रहा।


0 Comments

Post a Comment

Post a Comment (0)

Previous Post Next Post