झालरापाटन में काली सिंध पुलिया के पास रविवार रात को तेज रफ्तार ट्रक ने धनिया की फसल से लदी ट्रैक्टर- ट्राली को टक्कर मार दी। हादसे में एक किसान की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
झालरापाटन थाने के एएसआई चंपालाल के अनुसार शिवपुर गांव के तीन किसान रामगंज मंडी धनिया बेचने जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी ट्रैक्टर- ट्राली को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्राली पलट गई और तीनों किसान उसके नीचे दब गए। घायलों को एंबुलेंस से झालावाड़ के शरद अस्पताल ले जाया गया। वहा चिकित्सकों ने 25 वर्षीय किसान बबलू को मृत घोषित कर दिया। बजरंग और शिवलाल को गंभीर चोटों के कारण अस्पताल में भर्ती किया गया है। पुलिस ने बबलू का पोस्टमॉर्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक का नंबर ट्रेस कर लिया है और चालक की तलाश जारी है।
Post a Comment