सीएम भजनलाल शर्मा आज आएंगे कोटा, स्पीकर बिरला के साथ सुपोषित मां अभियान का करेंगे शुभारंभ

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा आज कोटा दौरे पर आएंगे। लोकसभा स्पीकर ओम बिरला व मुख्यमंत्री सांगोद में 5 महिलाओं को पोषण किट देकर सुपोषित मां अभियान का शुभारंभ करेंगे। इस मौके पर शिक्षा मंत्री मदन दिलावर, नगरीय विकास मंत्री झाबर सिंह खर्रा, ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर, कोटा दक्षिण विधायक संदीप शर्मा, लाडपुरा विधायक कल्पना देवी सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे। आयोजन दोपहर में सांगोद के महाराव भीम सिंह स्टेडियम में होगा।

सीएम भजनलाल शर्मा और स्पीकर बिरला पं. दीनदयाल उपाध्याय अंत्योदय संबल पखवाड़ा के तहत आयोजित शिविर का निरीक्षण करेंगे। वे संबल पखवाड़ा शिविर के लाभार्थियों से बात करेंगे। साथ ही 5 छात्राओं को स्कूटी का वितरण किया जाएगा। इस दौरान 92 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया जाएगा। सीएम भजनलाल मंडी प्रांगण में पौधा भी रोपेंगे।

ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने बताया- सुपोषित मां अभियान के तहत 1500 महिलाओं को निशुल्क पोषण किट दिया जाएगा, जिसमें 16 किलोग्राम खाद्य सामग्री दी जाएगी। किट में मौजूद सामग्री में मौसम के अनुसार बदलाव हो सकेगा। अभियान की शुरुआत होने के बाद पंचायत स्तर पर कैंप लगेगा। जिसमें यह पोषण किट गर्भवती महिलाओं को 10 महीने तक हर महीने दिया जाएगा। इन महिलाओं का स्वास्थ्य कार्ड भी बनेगा। गर्भवती महिलाओं को हर महीने निशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं परामर्श होगा। जिसकी रिपोर्ट स्वास्थ्य कार्ड में दर्ज होगी।

92.35 करोड़ के विकास कार्यों का होगा लोकार्पण- शिलान्यास

इस दौरान 26.24 करोड़ रुपए की लागत से परवन नदी पर बने हाई लेवल ब्रिज व 45 करोड रुपए की लागत से कालीसिंध नदी पर बने उच्च स्तरीय पुल के निर्माण कार्य का भी लोकार्पण होगा। सांगोद में 16.69 करोड रुपए की लागत से डलने वाली सीवरेज लाइन और ट्रीटमेंट प्लांट का शिलान्यास किया जाएगा। समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत ग्राम कनवास में 41.87 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय के नवीन भवन निर्माण कार्य का लोकार्पण किया जाएगा।

0 Comments

Post a Comment

Post a Comment (0)

Previous Post Next Post