झालावाड़: जिले में अवैध खनन, निर्गमन एवं भंडारण की प्रभावी रोकथाम के लिए जिला स्तरीय खनिज विकास, पर्यावरण संरक्षण एवं अवैध खनन निगरानी समिति की बैठक बुधवार को मिनी सचिवालय में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता जिला कलक्टर अजय सिंह राठौड़ ने की।
बैठक में कलक्टर ने सहायक खनि अभियंता, पुलिस विभाग और परिवहन विभाग को निर्देश दिए कि अवैध खनन व परिवहन की पूर्ण रोकथाम के लिए सख्त व प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। उन्होंने खनिज विभाग द्वारा किए गए पौधारोपण की जियो टैगिंग कराने और राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण मंडल को प्रदूषण फैलाने वालों पर नियमित कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए। वन विभाग को अवैध खनन पर व्यापक निगरानी रखने के लिए कहा गया। वहीं पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने टोल से गुजरने वाले अवैध खनन वाहनों पर विशेष निगरानी रखने और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर अनुराग भार्गव, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी शंभु दयाल मीणा, सहायक वन संरक्षक मुकेश सहजवानी, जिला परिवहन अधिकारी समीर जैन सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
Post a Comment