भवानीमंडी: पचपहाड़ तहसीलदार अब्दुल हफीज ने नगर पालिका द्वारा जारी किए गए पट्टों को लेकर कड़ा रुख अपनाया है। तीन सप्ताह पूर्व तहसीलदार ने नगर पालिका से शिकायत वाले पट्टों के संबंध में दस्तावेज, रिकॉर्ड एवं मूल पत्रावली मांगी थी। बावजूद इसके पालिका की ओर से कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए।
मंगलवार को तहसीलदार ने ईओ मनीष मीणा को तीन दिन में लिखित जवाब देने के लिए नोटिस जारी किया।
नगरपालिका पार्षद अविनाश जायसवाल ने 4 सितंबर को तहसीलदार को मौके पर बुलाकर पट्टों की स्थिति दिखाई थी। उनके अनुसार, नगर पालिका ने आमिर असगर मिठाई वाले निवासी बारह दुकान चौक के नाम से पट्टे जारी किए हैं। इनमें कुल 3,090 से 21,690 वर्ग फीट तक का आवासीय पट्टा शामिल है, जबकि उक्त परिसर का उपयोग नून कॉम्प्लेक्स के नाम से व्यावसायिक प्रयोजनार्थ किया जा रहा है। तहसीलदार ने पालिका से पूछा था कि ये पट्टे किन आधारों पर जारी किए गए, लेकिन अब तक पालिका की ओर से आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए गए। इसी के चलते तहसीलदार ने तीन दिन में जवाब देने के निर्देश देते हुए नोटिस जारी किया है।
Post a Comment