हर्बल नर्सरी में चल रहा था ड्रग्स मैन्युफैक्चरिंग रैकेट: नारकोटिक्स विभाग की तड़ातड़ छापामार कार्रवाई, 10 करोड़ से अधिक का नशीला पदार्थ जब्त

आगर मालवा । जिले में नारकोटिक्स विभाग ने शनिवार सुबह बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए ग्राम आमला स्थित तीर्थ हर्बल फार्म हाउस नर्सरी में चल रहे अवैध नशीले पदार्थों के निर्माण का भंडाफोड़ किया। करीब पाँच गाड़ियों के काफिले के साथ पहुंची टीम ने नर्सरी में संचालित गुप्त लैब से 21.5 किलोग्राम मैफेड्रोन और लगभग 600 किलोग्राम विभिन्न केमिकल जब्त किए। बरामद सामग्री की अनुमानित कीमत 10 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है। सूचना मिली थी कि नर्सरी की आड़ में बड़े पैमाने पर नशीले पदार्थ तैयार कर सप्लाई किए जा रहे हैं। इस पर नारकोटिक्स विभाग की टीम शनिवार तड़के 4 बजे से ही नर्सरी के आसपास घेराबंदी कर निगरानी करती रही। अधिकारियों के अनुसार सप्लाई लेने वाला कोई व्यक्ति मौके पर नहीं पहुंचा, जिसके बाद सुबह करीब 10 बजे टीम ने नर्सरी में प्रवेश कर कार्रवाई शुरू की।

नारकोटिक्स अधिकारियों ने बताया कि पौधों की नर्सरी के भीतर ही एक पूर्ण लैब संचालित की जा रही थी, जहां नशीले पदार्थों की मैन्युफैक्चरिंग होती थी। टीम ने मौके से लैब में उपयोग होने वाले मशीनरी उपकरण भी जब्त किए। नर्सरी में कार्यरत कुछ व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जिनकी इस अवैध गतिविधि में संलिप्तता सामने आई है।अधिकारियों का कहना है कि इस कार्रवाई से जिले में नशीले पदार्थों के नेटवर्क पर बड़ा असर पड़ेगा। फिलहाल नारकोटिक्स विभाग इस रैकेट से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटा है।

0 Comments

Post a Comment

Post a Comment (0)

Previous Post Next Post