मोटरसाइकिल सवार दो तस्कर गिरफ्तार, 25 किलो से अधिक गांजा बरामद

पिड़ावा । पुलिस ने बरड़ी सारंगाखेड़ा क्षेत्र में गश्त के दौरान मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध युवकों को रोका, जिनकी तलाशी में 25 किलो 370 ग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद किया गया। तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली गई। जिला पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि जिले में अवैध गतिविधियों पर नकेल कसने और विशेषकर नशा तस्करी को रोकने के लिए सभी थानों को कड़े निर्देश जारी किए गए हैं। इसी के तहत पिड़ावा पुलिस की टीम ने संदिग्धों को पकड़ने में मुस्तैदी दिखाते हुए त्वरित कार्रवाई की। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भागचंद मीणा के निर्देशन और वृत्ताधिकारी पूजा नागर के सुपरविजन में थानाधिकारी रामपाल के नेतृत्व में गठित टीम ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए तस्करों की पहचान ईश्वर गुर्जर (24) पुत्र सत्यनारायण एवं भरत कुमार उर्फ बल्लू (25) पुत्र रमेशचंद, दोनों निवासी कोटड़ी, थाना पिड़ावा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार बरामद गांजे की बाजार में कीमत लाखों में आंकी जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि आरोपी गांजे की तस्करी के लिए जिले की सीमावर्ती इलाकों का उपयोग कर रहे थे। पुलिस दोनों से नेटवर्क और आपूर्ति श्रृंखला को लेकर पूछताछ कर रही है।

0 Comments

Post a Comment

Post a Comment (0)

Previous Post Next Post