होली को लेकर शांति समिति की बैठक, रूट मैप और नो-एंट्री पर मंथन

भवानीमंडी: आगामी होली पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण ढंग से मनाने के उद्देश्य से स्थानीय पुलिस थाने में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पुलिस उपाधीक्षक प्रेम कुमार चौधरी ने की। बैठक में होलिका दहन और फागोत्सव के दौरान होने वाले आयोजनों की व्यवस्थाओं तथा रूट मैप को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान नगर में लागू नो-एंट्री के समय को लेकर भी मुद्दा उठा। पुलिस उपाधीक्षक के पूछने पर पूर्व व्यापार महासंघ अध्यक्ष प्रितपाल सिंह ने बताया कि पूर्व निर्धारित समय सुबह 9 बजे से सायं 7 बजे तक का है।

इस पर बीच में हस्तक्षेप करते हुए व्यापारी एवं कांग्रेस नेता चेतराज गहलोत ने कहा कि खाद की रेक आने के समय अनुमति देनी होगी। वहीं राधेश्याम मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष केके राठी ने फागोत्सव कार्यक्रम के दौरान महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की मांग रखी। बैठक में तेज ध्वनि में डीजे संचालन पर सख्ती बरतने, नियमों का उल्लंघन करने वाले संचालकों को पाबंद करने तथा सड़कों पर गौवंश की समस्या, साइबर फ्रॉड और फर्जी ई-चालान जैसे मुद्दों पर भी चर्चा हुई।

अंत में उपस्थितजनों को अल्पाहार स्वरूप चाय पिलाई गई। बैठक में कमल सुरेखा, नरेश माधवानी, विनय आस्तोलिया, चेतराज गहलोत, केके राठी, दुर्गा पारेता, श्याम चौधरी, बालमुकुंद मेघवाल, अमीन खान, आनंद काला सहित वरिष्ठ नागरिक, पत्रकार, सुरक्षा सखी एवं अन्य गणमान्यजन मौजूद रहे।

0 Comments

Post a Comment

Post a Comment (0)

Previous Post Next Post