भवानीमंडी।
प्राचीनतम राधेश्याम मंदिर ट्रस्ट की दुकान बिक्री मामले को लेकर शहर में विरोध तेज हो गया है। मंदिर बचाओ समिति के नेतृत्व में बुधवार सुबह 10 बजे राधेश्याम बगीची से विरोध रैली निकाली जाएगी, जो एसडीएम कार्यालय पहुंचकर उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपेगी।प्रदर्शनकारियों की मांग है कि मंदिर की अमूल्य धार्मिक संपत्ति की बिक्री की पूरी प्रक्रिया की विभागीय जांच करवाई जाए तथा की गई रजिस्ट्री को निरस्त कर संपत्ति पुनः राधेश्याम मंदिर ट्रस्ट के नाम दर्ज की जाए। इस मुद्दे को लेकर मंगलवार को दिनभर बैठकों का दौर चला। सुबह प्रारंभिक बैठक के बाद रात 8 बजे जैन बोर्डिंग में महाबैठक आयोजित हुई, जिसमें शहर के विभिन्न वर्गों के लोग बड़ी संख्या में शामिल हुए। बैठक में मंदिर संपत्ति बिक्री का जमकर विरोध हुआ। वही दूसरी ओर मंदिर ट्रस्ट अध्यक्ष केके राठी की सफाई भरी सोशल पोस्ट भी इंरनेट मीडिया पर घूमती रही।बैठक की अध्यक्षता संघर्ष समिति के प्रमुख सदस्य डॉ. जेके अरोड़ा, वरिष्ठ अधिवक्ता ईश्वरचंद भटनागर, अधिवक्ता कैलाश जैन, मन्दिर ट्रस्ट सदस्य दामोदर कचोलिया, व्यापार महासंघ अध्यक्ष गिरीश सोमानी तथा पूर्व अध्यक्ष राजेश नाहर और प्रितपाल सिंह ने की।
वरिष्ठ अधिवक्ता ईश्वरचंद भटनागर ने कहा कि रजिस्ट्री निरस्त कराने के लिए कानूनी प्रक्रिया अपनाते हुए हाईकोर्ट में जनहित याचिका दायर की जा सकती है। उन्होंने बताया कि इस प्रक्रिया में लगभग तीन लाख रुपए तक का खर्च आ सकता है। वरिष्ठ पत्रकार गिरिराज गुप्ता ने कहा कि पूरे मामले में जिस प्रक्रिया के आधार पर दुकान बिक्री हुई है, उसी को चुनौती देने की जरूरत है। उनका कहना था कि जब प्रक्रिया ही गलत है तो रजिस्ट्री स्वतः निरस्त होनी चाहिए। पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष रामलाल गुर्जर ने अपने अंदाज में कहा कि “कई काम राठौड़ी में करवाने पड़ते हैं, लेकिन यह तो भगवान का काम है। मंदिर में कार्यक्रम करवाकर माहौल बनाया गया, लेकिन हमें जमीन बेचकर होने वाले ऐसे कार्यक्रम और मजे नहीं चाहिए।” पूर्व व्यापार महासंघ अध्यक्ष प्रितपाल सिंह ने रजिस्ट्री रद्द करने के साथ ही सभी ट्रस्टियों से सार्वजनिक माफी मांगने की मांग उठाई। कांग्रेस नेता कालूलाल सालेचा ने कहा कि यह आस्था और धर्म से जुड़ा मामला है, इसलिए इसे गलत नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कानूनी लड़ाई के लिए आर्थिक सहयोग की भी व्यवस्था समाज मिलकर करेगा। ग्रेन एंड सीड्स मर्चेंट एसोसिएशन के सुदीप सालेचा ने तन-मन-धन से संघर्ष समिति के साथ खड़े रहने की बात कही। बैठक में डॉ. जेके अरोड़ा, कैलाश बोहरा, गिरीश सोमानी और राजेश नाहर सहित कई वक्ताओं ने एकजुट होकर आंदोलन को मजबूत करने का आह्वान किया। अब बुधवार को होने वाली विरोध रैली को लेकर शहरभर में चर्चा तेज है।
Post a Comment