मंदसौर। शहर में पेयजल संकट और अनियमित जल आपूर्ति के विरोध में मंगलवार को जिला कांग्रेस कमेटी ने नगर पालिका परिषद कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए मटकी फोड़कर विरोध जताया। अधिकारियों के ज्ञापन लेने नहीं पहुंचने पर प्रदर्शनकारियों ने ज्ञापन नगर पालिका कार्यालय के बाहर तार पर टांग दिया।
पानी की समस्या को लेकर मटकी फोड़ी
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि शहर में पेयजल योजनाओं पर करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद नागरिकों को पर्याप्त पानी नहीं मिल रहा है। उनका कहना है कि कई क्षेत्रों में एक दिन छोड़कर जल आपूर्ति की जा रही है, जबकि अनेक स्थानों पर पानी का दबाव कम होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
कांग्रेस द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया है कि नगर पालिका की पुरानी और जर्जर जल आपूर्ति व्यवस्था के कारण अक्सर पानी की सप्लाई प्रभावित होती है। बिजली कटौती और तकनीकी खराबियां भी समस्या को बढ़ा रही हैं। ज्ञापन में खानपुरा, पुराना किला क्षेत्र, गुदरी शेखा चौक, कुम्हारवाड़ा, बोहरा बाखल, शुक्ला चौक, जनकुपुरा, नीलगर खरंजा, इंदिरा कॉलोनी, सीतामऊ फाटक, टोडी और चंद्रपुरा सहित कई क्षेत्रों में गंभीर जल संकट का उल्लेख किया गया है।
टैंकर नहीं पहुंचने से बढ़ रही परेशानी
कांग्रेस नेताओं ने बताया कि संकरी गलियों वाले क्षेत्रों में पानी के टैंकर नहीं पहुंच पाते, जिससे वहां रहने वाले लोगों को अतिरिक्त परेशानी उठानी पड़ रही है। उन्होंने किला क्षेत्र में स्थित पुरानी और जर्जर पानी की टंकी के स्थान पर 5000 गैलन क्षमता की नई टंकी बनाने की मांग भी की।
जल आपूर्ति समय में कटौती पर भी आपत्ति
कांग्रेस ने हाल ही में पेयजल समिति की बैठक में जल आपूर्ति के समय में 15 मिनट की कटौती के निर्णय पर भी आपत्ति जताई। उनका कहना है कि जिन क्षेत्रों में पहले से ही जल संकट बना हुआ है और जहां टैंकर नहीं पहुंच सकते, उन्हें इस कटौती से बाहर रखा जाना चाहिए।
पुरानी पाइप लाइन बदलने की मांग
ज्ञापन में पुराने मंदसौर शहर और खानपुरा क्षेत्र की करीब 50 वर्ष पुरानी जल पाइप लाइन को बदलने के लिए तत्काल कार्ययोजना बनाने की मांग भी की गई है, ताकि बार-बार होने वाली पेयजल समस्याओं से लोगों को राहत मिल सके।
कांग्रेस नेताओं ने लगाए आरोप
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेता सोमिल नाहटा ने कहा कि शहर की जनता पानी के लिए परेशान है। नागरिकों से पानी का पूरा बिल लिया जा रहा है, लेकिन उन्हें समय पर पर्याप्त जल आपूर्ति नहीं मिल रही। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर पालिका आमजन को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने में विफल साबित हो रही है। उन्होंने यह भी कहा कि लोगों की समस्याएं सुनने के लिए सीएमओ तक ज्ञापन लेने नहीं पहुंचे।
वहीं, नेता प्रतिपक्ष रफत पयामी ने कहा कि करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद शहरवासियों को पर्याप्त पानी नहीं मिल रहा है। उन्होंने कहा कि लोग अपनी परेशानी जताने के लिए घरों से मटके लेकर आए और नगर पालिका कार्यालय के बाहर उन्हें फोड़ा। ज्ञापन लेने के लिए कोई जिम्मेदार अधिकारी मौके पर मौजूद नहीं था, जिससे लोगों में नाराजगी और बढ़ गई। अंत में प्रदर्शनकारियों ने अपना ज्ञापन नगर पालिका कार्यालय के बाहर टांग दिया।
Post a Comment