प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में 18 से 29 जून तक गुरुद्वारा साहिब में सुखमनी साहिब का लड़ीवार पाठ अनवरत चलता रहा। सोमवार को प्रातः 10:30 बजे निशान साहिब के चोले की सेवा एवं सप्ताह पाठ साहिब की समाप्ति गुरु सिख परिवार की ओर से संपन्न हुई। इस अवसर पर गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष प्रीतपाल सिंह एवं पूर्व अध्यक्ष सरदार दर्शन सिंह ने विद्यार्थियों और युवाओं का सम्मान किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए गुरुद्वारा साहिब के सचिव अमनदीप सिंह ने कहा कि गुरु हरगोबिन्द साहिब ने सिक्ख समाज को आध्यात्मिकता के साथ-साथ अन्याय के विरुद्ध संघर्ष करने तथा मानवता, सत्य और धर्म की रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहने का संदेश दिया।
प्रकाश पर्व पर गुरुद्वारा साहिब में भव्य दीवान सजाया गया, जिसमें हजूरी रागी भाई बलबीर सिंह एवं भाई हरकीरत सिंह के जत्थे ने गुरबाणी के शब्द-कीर्तन, नाम-बाणी और कथा-कीर्तन प्रस्तुत कर संगत को आध्यात्मिक रस से सराबोर कर दिया।
कार्यक्रम का समापन "सर्वत के भले" की अरदास के साथ हुआ। इसके पश्चात संगत को मिस्सी रोटी और प्याज के साथ विशेष अटूट लंगर का प्रसाद वितरित किया गया। भवानीमंडी सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में सिक्ख, सिंधी, पंजाबी एवं गुरु नानक नाम लेवा संगत ने कार्यक्रम में भाग लेकर विभिन्न सेवा कार्यों में उत्साहपूर्वक योगदान दिया।

.jpeg)
.jpeg)
Post a Comment