मल्हारगढ़ | मंदसौर जिले की मल्हारगढ़ थाना पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने 62 किलो 550 ग्राम डोडाचूरा के साथ पंजाब के दो तस्करों को गिरफ्तार किया। इस दौरान तस्करी में इस्तेमाल एक ट्रक भी जब्त किया गया। जब्त डोडाचूरा और ट्रक की कुल कीमत लगभग 53.24 लाख रुपये आंकी गई है।
यह कार्रवाई मध्य प्रदेश पुलिस के विशेष जनजागरूकता अभियान "नशे से दूरी है जरूरी 2.0" के तहत की गई। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना के निर्देशन और थाना प्रभारी अनिल रघुवंशी के नेतृत्व में यह सफलता मिली।
पुलिस को रविवार को मुखबिर से सूचना मिली थी कि नीमच की ओर से एक टाटा ट्रक में अवैध डोडाचूरा ले जाया जा रहा है। इस सूचना पर पुलिस ने महू-नीमच रोड पर मल्हारगढ़ थाने के सामने घेराबंदी की। टाटा ट्रक (PB-08-EG-6899) को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें 62 किलो 550 ग्राम डोडाचूरा बरामद हुआ।
पुलिस ने ट्रक में सवार गुरनीत सिंह (55), निवासी मुगलानी, थाना खादूर साहिब, जिला तरणतारण (पंजाब) और राजिंदर सिंह (35), निवासी सरहाली खुर्द, थाना सरहाली, जिला तरणतारण (पंजाब) को एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार किया।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे यह डोडाचूरा राजू उर्फ राजेंद्र सिंह से लेकर आए थे। राजू पटियाला (पंजाब) का निवासी है और वर्तमान में चंगेरी फंटा, मल्हारगढ़ में रहता है। पुलिस ने राजू के खिलाफ भी एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है। इस मामले में अपराध क्रमांक 141/2026, धारा 8/15, 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
थाना प्रभारी अनिल रघुवंशी ने बताया कि आरोपियों को सोमवार को कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा। रिमांड के दौरान डोडाचूरा की आगे की सप्लाई चेन और पूरे तस्करी नेटवर्क का पता लगाया जाएगा।
Post a Comment