2.134 किलो गांजा बरामद, तस्करी में इस्तेमाल बाइक और ई-रिक्शा जब्त, सप्लाई नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
पचपहाड़ । भवानीमंडी थाना पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए दो गांजा तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से कुल 2 किलो 134 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल और एक इलेक्ट्रिक रिक्शा भी जब्त किया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर गांजे के स्रोत और सप्लाई नेटवर्क की जांच शुरू कर दी गई है।
जिला पुलिस अधीक्षक अमित कुमार (आईपीएस) ने बताया कि जिलेभर में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत भवानीमंडी थाना प्रभारी प्रमोद कुमार के नेतृत्व में गठित टीमों ने यह कार्रवाई करते हुवे पहली कार्रवाई पचपहाड़ तिराहा, डग रोड स्थित श्मशान के पास एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर तलाशी ली।
उसकी पहचान मोहम्मद इमरान (34) निवासी जवाहर कॉलोनी, भवानीमंडी के रूप में हुई। तलाशी में उसके कब्जे से 1 किलो 74 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने गांजे के साथ तस्करी में प्रयुक्त इलेक्ट्रिक रिक्शा भी जब्त कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
वही दूसरी कार्रवाई में नारायणखेड़ा तिराहा से दुधाखेड़ी माताजी रोड पर नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने अमजद खान (26) निवासी टगर मोहल्ला, भवानीमंडी को मोटरसाइकिल सहित रोका। तलाशी लेने पर उसके पास से 1 किलो 60 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने गांजे के साथ उसकी मोटरसाइकिल भी जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है कि वे गांजा कहां से लाए थे और इसकी सप्लाई किसे देने जा रहे थे। मामले में तस्करी के पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए अनुसंधान जारी है।




Post a Comment