उज्जैन-गरोठ फोरलेन पर कार दुर्घटना, एक की मौत

आगर मालवा | उज्जैन-गरोठ फोरलेन पर रविवार को ग्राम साबनी के पास एक कार बेकाबू होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस हादसे में कार सवार सात लोगों में से 60 वर्षीय एक बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह अन्य घायल हो गए। घायलों में कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, कार में दीपक पिता राधेश्याम राठौर (48), उनकी पत्नी ललिता (38), जगदीश पिता सिद्धनाथ (60), उनकी पत्नी मनोरमा (52), प्रज्ञा पति दीपक (32) और 13 व 9 वर्ष के दो बच्चे सवार थे। ये सभी उज्जैन जिले के कायथा निवासी बताए गए हैं। परिवार उज्जैन से गरोठ की ओर जा रहा था।

हादसे की सूचना मिलते ही एंबुलेंस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को उपचार के लिए बड़ौद अस्पताल ले जाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद चार गंभीर घायलों को उज्जैन रेफर किया गया। हादसे में जगदीश पिता सिद्धनाथ की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई थी।

सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे का स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है, लेकिन प्रारंभिक तौर पर वाहन की तेज रफ्तार और चालक द्वारा नियंत्रण खोने को दुर्घटना का कारण माना जा रहा है।


0 Comments

Post a Comment

Post a Comment (0)

Previous Post Next Post