WCR | कोटा-नागदा रेलखंड के महिदपुर रोड स्टेशन पर रविवार सुबह चलती मेमू ट्रेन पर 11 हजार वोल्ट का हाई वोल्टेज तार गिर गया, जिससे रतलाम-कोटा मेमू पैसेंजर ट्रेन के ड्राइविंग मोटर कोच से जुड़ा इंसुलेटर क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि इस दौरान कोई जनहानि नहीं हुई।
इस दौरान दिल्ली-मुंबई डाउन लाइन पर करीब ढाई घंटे रेल यातायात प्रभावित रहा। घटना के बाद बिजली आपूर्ति बाधित हो गई और ट्रेन करीब तीन घंटे तक स्टेशन पर खड़ी रही।
रेलवे ने दिए जांच के आदेश
जानकारी के अनुसार रविवार सुबह करीब 8.53 बजे रतलाम-कोटा मेमू ट्रेन महिदपुर रोड स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर पहुंची थी। इसी दौरान ओएचई तार टूटने से ड्राइविंग मोटर कोच ने काम करना बंद कर दिया।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि 12 कोच की इस मेमू ट्रेन में तीन ड्राइविंग मोटर कोच (डीएमसी) लगे थे। एक डीएमसी में खराबी आने के बाद दूसरे डीएमसी को चालू कर ट्रेन को सुबह 11 बजे आगे रवाना किया गया। वहीं, रेलवे की तकनीकी टीम ने क्षतिग्रस्त ओएचई तार की मरम्मत कर दोपहर 12:30 बजे बिजली व्यवस्था बहाल कर दी।
सीनियर डीसीएम सौरभ जैन ने बताया कि घटना की गहन जांच के आदेश दिए गए हैं, ताकि घटना के कारणों का पता लगाया जा सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
Post a Comment