घर के झगड़ों से परेशान फाइनेंसकर्मी ने किया सुसाइड, पत्नी खिड़की से अंदर गई तो पति फंदे पर लटका मिला

कोटा | घर के झगड़ों से परेशान दो युवकों ने सुसाइड कर लिया। इनमें से एक फाइनेंसकर्मी था। उनकी पत्नी घर आई, तब गेट बंद मिला। वह खिड़की से अंदर गई तो पति फंदे पर लटका मिला।

वहीं दूसरे युवक ने पत्नी से झगड़े के बाद सुसाइड कर लिया। दोनों मामले जवाहर नगर थाना क्षेत्र के अलग-अलग इलाके के है। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंपा।

केस 1: पत्नी ट्यूशन पढ़ाकर घर आई, पति फंदे पर लटका मिला

जवाहर नगर थाना ASI किशोर लाल ने बताया कि तलवंडी इलाके में रहने वाले दीपक शर्मा (33) ने सुसाइड किया है। वह मूल रूप से बूंदी जिले के रहने वाले थे। वर्तमान में कोटा में प्राइवेट कंपनी में फाइनेंसकर्मी थे। किराए का कमरा लेकर पत्नी के साथ रह रहे थे।

हादसे की पुलिस को रविवार शाम 4 बजे निजी हॉस्पिटल से सूचना मिली थी। पुलिस ने हॉस्पिटल जाकर परिजनों से मामले की जानकारी ली। परिजनों ने दी शिकायत में बताया कि घटना के वक्त पत्नी ट्यूशन पढ़ाने गई थी। वापस लौटने पर गेट बंद मिला। तब वह खिड़की से अंदर गई। पति को फंदे पर लटका देखकर चिल्लाई और आस-पास के लोगों को बुलाया। इसके बाद फाइनेंसकर्मी को फंदे से उतारकर शव को न्यू मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल की मॉच्यूरी में शिफ्ट करवाया गया। परिजन पोस्टमार्टम को राजी नहीं थे। समझाइश कर पोस्टमार्टम करवाया गया। परिजनों ने दी शिकायत में मौत पर कोई शक जाहिर नहीं किया है। गृह क्लेश के चलते मानसिक तनाव में होने की बात सामने आई है।

केस 2: शराब पीने के बाद पत्नी से किया था झगड़ा

दूसरी घटना दुर्गा बस्ती इलाके की है। आकाश बिस्वास (32) नाम के युवक ने रविवार रात करीब 10 बजे कमरे में फांसी लगा ली। हेड कॉन्स्टेबल घमंडी सिंह ने बताया कि आकाश मजदूरी करता था। शराब पीने की बात को लेकर पति-पत्नी के बीच झगड़ा होता था। मौहल्ले वालों ने बताया कि रात को भी दोनों के बीच झगड़ा हुआ था।

0 Comments

Post a Comment

Post a Comment (0)

Previous Post Next Post