दो युवतियों की गुमशुदगी पर सीतामऊ थाने का घेराव, 24 घंटे में कार्रवाई नहीं तो आंदोलन की चेतावनी

मंदसौर | सीतामऊ थाना क्षेत्र से दो युवतियों के लापता होने के मामले में शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) और विश्वकर्मा जांगिड़ समाज ने रविवार दोपहर सीतामऊ थाने का घेराव कर प्रदर्शन किया।

प्रदर्शनकारियों ने चक्का जाम कर पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की और कार्रवाई में लापरवाही का आरोप लगाया। इस दौरान थाना प्रभारी कमलेश प्रजापति से उनकी तीखी बहस भी हुई।

प्रदर्शनकारियों ने बताया कि सीतामऊ निवासी 20 वर्षीय दिशा 31 जुलाई को कॉलेज जाने के लिए घर से निकली थी, जिसके बाद से उसका कोई पता नहीं चला है। इससे पहले, 18 जुलाई को थाना क्षेत्र की भारती भी लापता हो गई थी।

समाज ने कार्रवाई को असंतोषजनक बताया शिवसेना UBT और विश्वकर्मा समाज ने दोनों मामलों में पुलिस की कार्रवाई को असंतोषजनक बताया। शिवसेना UBT के आईटी सेल के प्रदेश प्रमुख नाहर सिंह गौड़ ने कहा कि पुलिस की अब तक की कार्रवाई से संगठन और पीड़ित परिवार संतुष्ट नहीं हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि भारती गुर्जर के मामले में एक आरक्षक ने परिजनों से निजी वाहन की मांग की थी, जिसकी शिकायत थाना प्रभारी को दी गई है।

थाना प्रभारी कमलेश प्रजापति ने प्रदर्शनकारियों को बताया कि भारती मामले में पुलिस टीम परिवार के एक सदस्य के साथ गुजरात जाने की तैयारी कर रही है। उन्होंने दिशा विश्वकर्मा मामले में मंगलवार तक महत्वपूर्ण जानकारी मिलने का आश्वासन दिया।

प्रदर्शनकारियों ने पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा के नाम एक ज्ञापन भी सौंपा। ज्ञापन में बताया गया कि दिशा विश्वकर्मा 31 जुलाई को सुबह करीब 10 बजे कॉलेज जाने के लिए घर से निकली थी, लेकिन तीन दिन बीतने के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला है।

24 घंटे का अल्टीमेटम, चेतावनी- आंदोलन करेंगे परिजनों ने अपने स्तर पर रिश्तेदारों और परिचितों के यहां तलाश की, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज होने के बावजूद पुलिस की कार्रवाई अपेक्षित स्तर की नहीं रही है।

प्रदर्शनकारियों द्वारा मांग की गई कि लापता युवतियों को शीघ्र तलाश कर परिजनों को सौंपा जाए। साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि 24 घंटे के भीतर मामले में ठोस प्रगति नहीं हुई तो शिवसेना UBT उग्र आंदोलन करेगी, जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

थाना प्रभारी कमलेश प्रजापति ने प्रदर्शनकारियों को आश्वस्त किया कि पुलिस दोनों युवतियों की तलाश में लगातार प्रयास कर रही है और जल्द ही उन्हें खोज लिया जाएगा। प्रदर्शन में शिवसेना UBT के पदाधिकारी, विश्वकर्मा जांगिड़ समाज के सदस्य और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

0 Comments

Post a Comment

Post a Comment (0)

Previous Post Next Post