खानपुर में मिला सड़ा-गला शव, 3-4 दिन पुराना होने की आशंका

झालावाड़ | खानपुर कस्बे के टोडी मोहल्ले में रविवार सुबह एक व्यक्ति का सड़ा-गला शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। सूचना मिलने पर खानपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया।

खानपुर थानाधिकारी सीआई रविंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस को टोडी मोहल्ले में एक कमरे के अंदर लावारिस हालत में शव पड़े होने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम जब मौके पर पहुंची, तो शव काफी सड़ी-गली अवस्था में था। इससे अनुमान लगाया जा रहा है कि मौत करीब तीन से चार दिन पहले हुई होगी। शव से तेज दुर्गंध आ रही थी, जिससे आसपास के लोग भी मौके पर एकत्र हो गए।

पत्नी और बच्चे नागपुर में रहते स्थानीय लोगों की मदद से मृतक की पहचान 50 वर्षीय रामबाबू पुत्र कैलाश महाजन के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार, मृतक लंबे समय से अकेला रह रहा था। उसकी पत्नी और बच्चे नागपुर में रहते हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि रामबाबू इधर-उधर घूमकर प्लास्टिक और अन्य कबाड़ एकत्रित कर अपना जीवनयापन करता था।

पुलिस ने मृतक की पत्नी और अन्य परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। थानाधिकारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयान के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

0 Comments

Post a Comment

Post a Comment (0)

Previous Post Next Post