झालावाड़ | झालरापाटन तहसील स्थित ग्राम बालगढ़ के ग्रामीणों ने गांव तक पक्की सड़क बनाने की मांग को लेकर जिला कलेक्टर को एक ज्ञापन सौंपा है। ग्रामीणों ने बताया कि जिला मुख्यालय से मात्र तीन किलोमीटर दूर स्थित इस गांव की आबादी लगभग 800 है। इसके बावजूद, यहां आज तक पक्की सड़क का निर्माण नहीं हो सका है। सड़क के अभाव में गर्भवती महिलाओं, बीमार व्यक्तियों, स्कूली बच्चों और अन्य ग्रामीणों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
गांव को जाने वाले कच्चे रास्ते में एक गहरा नाला भी है। बारिश के मौसम में यह नाला पानी से भर जाता है, जिससे ग्रामीणों को जान जोखिम में डालकर आवागमन करना पड़ता है। इससे हर समय दुर्घटना का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों ने मांग की है कि ग्राम बालगढ़ से झालावाड़ मुख्यालय तक के कच्चे मार्ग को पक्का किया जाए। साथ ही, रास्ते में पड़ने वाले नाले पर पुल का निर्माण कराया जाए, ताकि ग्रामीणों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।
ज्ञापन सौंपने वालों में लालचंद, महावीर, अवतार, अर्जुन सिंह, सोनू, दुर्गालाल, देवीलाल भील, बीरम, घनश्याम, सागर, हनुमान, मुकेश और राजू सहित बड़ी संख्या में महिला-पुरुष ग्रामीण मौजूद थे। ग्रामीणों का कहना है कि झालावाड़ शहर के इतने करीब होने के बावजूद उनकी समस्याओं पर ध्यान न दिए जाने से वे परेशान हैं।
Post a Comment