कोटा | कोटा-झालावाड़ NH 52 पर एक ट्रोले ने सड़क पर खड़े दूसरे ट्रोले को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में ट्रोले में सवार एक युवक की मौत हो गई। घटना रानपुर थाना क्षेत्र के भीमपुरा पुलिया बोरकुई के पास रात 2.30 बजे हुई।
मृतक युवक की पहचान देवली कस्बे के हनुमान नगर थाना क्षेत्र के टीकड़ गांव निवासी अनिल कुमार (24) के रूप में हुई है। जो ट्रोले में खलासी था।
गाय को बचाने के चक्कर में हुआ हादसा
ट्रोला ड्राइवर सुधीर ने बताया- वो रात को देवली से गाड़ी लेकर रवाना हुए। रामगंजमंडी से गाड़ी में पत्थर भरने थे। रात दो बजे कोटा क्रॉस किया। कोटा झालावाड़ NH 52 से रामगंजमंडी जा रहे थे। भीमपुरा के पास अचानक से सड़क पर गाय आ गई। गाय को बचाने के चक्कर में गाड़ी बेकाबू हो गई। सड़क किनारे एक ट्रोला खड़ा हुआ था। मेरा ट्रोला सड़क किनारे खड़े दूसरे ट्रोले में जाकर घुस गया।
हादसे में मेरे साथी अनिल के सिर व छाती में चोट लगी। उसे इलाज के लिए कोटा हॉस्पिटल लाए। जहां उसकी मौत हो गई। परिवार की जिम्मेदारी अनिल पर ही थी। दो साल पहले उसकी मां की मौत हुई थी।
ड्राइवर को चोट नहीं आई
रानपुर थाना ASI रामसिंह ने बताया कि NH 52 पर भीमपुरा पुलिया के आगे बोरकुई के पास तेज रफ्तार ट्रोला सड़क किनारे खड़े ट्रोले से टकरा गया। हादसे में खलासी अनिल की मौत हो गई। ड्राइवर को चोट नहीं लगी। कोटा के न्यू मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल की मोर्चरी में आज शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। हादसे के कारणों की जांच की जाएगी।
Post a Comment