पायल अखिल भारतीय बैरवा महासभा की राष्ट्रीय मंत्री नियुक्त, समाज और महिला सशक्तिकरण के लिए निभाएंगी सक्रिय भूमिका

झालावाड़ | झालावाड़ निवासी एडवोकेट पायल बैरवा को अखिल भारतीय बैरवा महासभा की राष्ट्रीय महिला इकाई का राष्ट्रीय मंत्री नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति राष्ट्रीय महिला प्रकोष्ठ की अध्यक्ष शकुंतला बैरवा और महासचिव वर्षा रमन की अनुशंसा पर की गई है। राष्ट्रीय अध्यक्ष शकुंतला बैरवा और राष्ट्रीय प्रभारी अर्चना जीनवाल ने नियुक्ति पत्र जारी करते हुए विश्वास जताया कि एडवोकेट पायल बैरवा अपने दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करेंगी। वे समाज और विशेष रूप से महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए सक्रिय भूमिका निभाएंगी।

अपनी नियुक्ति पर एडवोकेट पायल बैरवा ने महासभा के पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संगठन ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से खरा उतरने का प्रयास करेंगी। पायल बैरवा ने बताया कि उनका मुख्य उद्देश्य समाज की महिलाओं को उनके अधिकारों, शिक्षा और आत्मनिर्भरता के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने स्वीकार किया कि आज भी समाज की कई महिलाएं शिक्षा, जागरूकता और सामाजिक भागीदारी में पीछे हैं।

इस दिशा में महिलाओं को शिक्षा से जोड़ने, उनके अधिकारों की जानकारी देने और सामाजिक, आर्थिक और कानूनी रूप से सशक्त बनाने के लिए विशेष अभियान चलाए जाएंगे। इसके अतिरिक्त समाज के अंतिम पंक्ति में बैठे जरूरतमंद लोगों तक संगठन की योजनाओं और सामाजिक कार्यों का लाभ पहुंचाने के लिए भी निरंतर प्रयास किए जाएंगे।

एडवोकेट पायल बैरवा की इस नियुक्ति को समाज के लिए एक सकारात्मक पहल माना जा रहा है। समाज के विभिन्न संगठनों और गणमान्य लोगों ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दी हैं और विश्वास जताया है कि उनके नेतृत्व में महिला प्रकोष्ठ समाज हित में प्रभावी कार्य करेगा।

0 Comments

Post a Comment

Post a Comment (0)

Previous Post Next Post