रामलाल गुर्जर के कांग्रेस में शामिल होने के अगले दिन 65 परिवारों ने थामा कांग्रेस का हाथ

भवानीमंडी । नगर पालिका चुनाव के बीच पचपहाड़ के वार्ड नंबर 12 में सियासी हलचल तेज हो गई है। पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष रामलाल गुर्जर के कांग्रेस में शामिल होने के एक दिन बाद ही 65 परिवारों के भाजपा छोड़कर कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण करने का मामला सामने आया है। सामूहिक रूप से हुए इस दल-बदल को निकाय चुनाव से पहले वार्ड की राजनीति में अहम घटनाक्रम माना जा रहा है। पचपहाड़ के वार्ड नंबर 12 में भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए परिवारों का पार्टी नेताओं की ओर से स्वागत किया गया। इस दौरान नवनियुक्त कांग्रेस सदस्यों को पार्टी का दुपट्टा पहनाकर अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम में विधानसभा प्रत्याशी चेतराज गेहलोत, पूर्व पालिकाध्यक्ष रामलाल गुर्जर, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रोड सिंह परमार, नगर अध्यक्ष विनय आस्तोलिया और कृपाल सिंह सहित कांग्रेस के पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

दल-बदल से चुनावी समीकरणों पर चर्चा

निकाय चुनाव के नामांकन का दौर पूरा होने के बाद अब राजनीतिक दलों ने प्रचार की तैयारियां तेज कर दी हैं। ऐसे समय में वार्ड नंबर 12 में एक साथ 65 परिवारों के कांग्रेस में शामिल होने से स्थानीय राजनीतिक समीकरणों को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं। पूर्व पालिकाध्यक्ष रामलाल गुर्जर के कांग्रेस में शामिल होने के बाद उनके समर्थकों के भी पार्टी से जुड़ने का सिलसिला शुरू होने से कांग्रेस इसे अपने पक्ष में माहौल बनाने के रूप में देख रही है। वहीं भाजपा के लिए यह घटनाक्रम चुनाव से ठीक पहले चुनौती के तौर पर देखा जा रहा है। अब निगाहें इस बात पर रहेंगी कि वार्ड नंबर 12 में हुआ यह राजनीतिक ध्रुवीकरण मतदान के दिन किस करवट बैठता है और इसका चुनावी नतीजों पर कितना असर पड़ता है।

0 Comments

Post a Comment

Post a Comment (0)

Previous Post Next Post