दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी पवन कुमार पाटीदार, राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक स्कूल, मंगलपुरा की प्रिंसिपल वीना रानी तथा जिला युवा अधिकारी दिनेश जांगिड़ ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया। इस अवसर पर अतिथियों का पुष्पगुच्छ और स्मृति चिन्ह देकर सम्मान किया गया।
युवाओं को नशे से दूर रहने का दिया संदेश
जिला युवा अधिकारी दिनेश जांगिड़ ने अभियान के उद्देश्य बताते हुए कहा कि इसका लक्ष्य युवाओं को सकारात्मक एवं रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ना, उन्हें नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों से दूर रखना तथा नशे के खिलाफ युवा-नेतृत्व वाले जनआंदोलन को मजबूत करना है।
उन्होंने युवाओं से स्वयं नशामुक्त रहने और समाज में भी जागरूकता फैलाने का आह्वान किया। साथ ही माय भारत पोर्टल पर पंजीकरण कर राष्ट्र निर्माण और युवा गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।
राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर जोर
मुख्य अतिथि अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी पवन कुमार पाटीदार ने कहा कि विकसित भारत की मजबूत नींव नशामुक्त और जागरूक युवा ही रख सकते हैं।
उन्होंने युवाओं से स्वस्थ, अनुशासित और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने तथा अपने परिवार और समाज में नशे के विरुद्ध जागरूकता फैलाने का आग्रह किया।
उन्होंने प्रतिभागियों की सराहना करते हुए माय भारत पोर्टल के माध्यम से युवा एवं खेल गतिविधियों से जुड़ने के लिए भी प्रेरित किया।
आठ प्रतियोगिताओं में दिखी रचनात्मकता
कार्यक्रम के दौरान भाषण, कविता पाठ, नुक्कड़ नाटक, समूह नृत्य, समूह गीत, पेंटिंग, रील/शॉर्ट फिल्म निर्माण और नारा लेखन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतिभागियों ने अपनी रचनात्मक प्रस्तुतियों के माध्यम से नशामुक्त समाज का प्रभावशाली संदेश दिया।
ये रहे विजेता
प्रतियोगिताओं के परिणामों में भाषण प्रतियोगिता में पुष्कर डांगी, कविता पाठ में श्रद्धा, समूह गीत में गायत्री एवं उनकी टीम, रील/शॉर्ट फिल्म निर्माण में ध्रुवी जैन तथा नारा लेखन प्रतियोगिता में प्रियांशु ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
सभी प्रतियोगिताओं के प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। प्रथम स्थान प्राप्त प्रतिभागी अब राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
शिक्षकों और स्वयंसेवकों का रहा सहयोग
कार्यक्रम के सफल आयोजन में राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक स्कूल, मंगलपुरा के शिक्षकों, माय भारत स्वयंसेवकों तथा बड़ी संख्या में उपस्थित युवाओं और विद्यार्थियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। उनकी उत्साहपूर्ण भागीदारी से आयोजन प्रेरणादायी और सफल रहा।
Post a Comment