तबादला हुआ है साहब का... लेकिन पीछे छोड़ गए हैं विकास के कई निशान! मंदसौर जिले की गरोठ विधानसभा में गरोठ और भैसोदा नगर परिषद में अपनी कार्यशैली की छाप छोड़ने वाले सीएमओ गिरीश शर्मा अब खरगोन जिले की बिस्टान नप में देंगे सेवाएं

गरोठ में सवा साल का कार्यकाल, करीब 50 विकास कार्य और कई नवाचार... आखिर क्या-क्या बदला गरोठ में?


गरोठ । सरकारी अधिकारियों का तबादला तो सरकारी व्यवस्था का हिस्सा है, लेकिन कुछ अधिकारी ऐसे होते हैं जो अपनी कार्यशैली और कामकाज से ऐसी छाप छोड़ जाते हैं कि तबादले के बाद भी उनकी चर्चा होती रहती है। मंदसौर जिले की गरोठ विधानसभा के गरोठ और भैसोदा नगर परिषद में अपनी सेवाएं दे चुके सीएमओ गिरीश शर्मा भी ऐसे ही अधिकारियों में शुमार हैं। अब उनका तबादला खरगोन जिले की बिस्टान नगर परिषद में हो गया है।

नगर परिषद गरोठ में लगभग सवा साल के कार्यकाल के दौरान गिरीश शर्मा ने विकास कार्यों, स्वच्छता अभियानों, नवाचारों और जनसुविधाओं के विस्तार को लेकर सक्रियता दिखाई। उनके कार्यकाल में करीब 50 विकास कार्यों, जनहितकारी पहलों और आयोजनों को गति मिली। सड़क-नाली निर्माण से लेकर पार्कों के कायाकल्प, आधुनिक सफाई व्यवस्था और पर्यावरण संरक्षण तक कई मोर्चों पर काम हुए।

सड़कों से लेकर नालियों तक विकास को दी रफ्तार

नगर के अलग-अलग वार्डों में सीसी सड़क और नाली निर्माण को प्राथमिकता दी गई। अशोक बैरागी के मकान से बोलिया रोड तक सीसी सड़क, खड़ावदा रोड पर डिवाइडर निर्माण, राजू भलतारा के मकान से बोलिया तक सड़क निर्माण सहित प्रताप वार्ड और वार्ड क्रमांक 5, 6 एवं 8 में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के कार्य हुए। बोलिया रोड पर चबूतरा निर्माण और विभिन्न स्थानों पर प्रकाश व्यवस्था के विस्तार से भी नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने का प्रयास किया गया।

सफाई में मशीनें, निगरानी में कैमरे... नगर को दिया आधुनिक स्वरूप

गिरीश शर्मा के कार्यकाल में स्वच्छता व्यवस्था को आधुनिक बनाने पर विशेष जोर रहा। स्वीपिंग मशीन और इलेक्ट्रिक वाहनों का संचालन, इलेक्ट्रिक व्हीकल चार्जिंग स्टेशन का निर्माण तथा सीसीटीवी सर्विलांस सिस्टम जैसी पहलें की गईं। नगर परिषद को आईएसओ सर्टिफाइड पहचान दिलाने के साथ पॉलीथिन मुक्त नगर अभियान के तहत घर-घर कपड़े की थैलियां वितरित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।

पार्कों का सौंदर्यीकरण, हरियाली और रोशनी पर फोकस

नगर के सार्वजनिक स्थलों को आकर्षक बनाने के लिए दीनदयाल पार्क का सौंदर्यीकरण और आधुनिकीकरण किया गया। नगर परिषद कार्यालय के समीप आधुनिक पार्क निर्माण, महाराणा प्रताप पार्क में फैंसी लाइटिंग पोल और बच्चों के खेलकूद के संसाधनों की व्यवस्था की गई। मुख्य मार्गों पर पौधारोपण, ट्रीगार्ड और प्रमुख स्थानों पर डस्टबिन लगाने जैसे प्रयासों से स्वच्छ एवं सुंदर गरोठ की परिकल्पना को आगे बढ़ाया गया।

धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक आयोजनों को भी दी प्राथमिकता

विकास के साथ धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को भी महत्व दिया गया। अमृत (अंजनी) पर्व निर्माण, अमृत सरोवर, अंजनी नदी कायाकल्प अभियान, अमरवास बालाजी मंदिर पर शेड निर्माण का भूमि पूजन और खेड़ापति बालाजी में पेवर ब्लॉक निर्माण जैसे कार्य हुए। वहीं दशहरा, डोल ग्यारस और अनंत चतुर्दशी जैसे आयोजनों को लेकर भी नगर परिषद की सक्रिय भूमिका रही।

प्रशासनिक कामकाज में भी टीम को दिलाया सम्मान

शर्मा के कार्यकाल में सरकारी अभियानों के क्रियान्वयन पर भी ध्यान दिया गया। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) में जिले में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर टीम का सम्मान किया गया। जनगणना के प्रथम चरण का कार्य जिले में सबसे पहले पूरा करने वाली टीम को भी सम्मानित किया गया। ट्रेंचिंग ग्राउंड पर पौधारोपण, एमआरएफ प्लांट की बाउंड्रीवाल, मिनी कार्यालय की स्थापना, प्रमुख स्थानों पर स्पीड ब्रेकर और बस स्टैंड पर नागरिक सुविधाओं के विस्तार जैसे कार्य भी उनके कार्यकाल से जुड़े रहे।

भैसोदा में दो बार, गरोठ में एक बार संभाली जिम्मेदारी

गिरीश शर्मा का गरोठ विधानसभा से पुराना प्रशासनिक जुड़ाव रहा है। वह गरोठ नगर परिषद में एक बार और भैसोदा नगर परिषद में दो बार सीएमओ के पद पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। हंसमुख और मिलनसार स्वभाव के साथ आमजन की समस्याओं को सुनने और जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देने की उनकी कार्यशैली की क्षेत्र में चर्चा रही है। मीडिया के साथ भी उनका संवाद सहज और सक्रिय रहा।

अब शर्मा खरगोन जिले की बिस्टान नगर परिषद में नई जिम्मेदारी संभालेंगे। उनके तबादले के साथ गरोठ में उनके कार्यकाल की उपलब्धियां एक बार फिर चर्चा में हैं। सरकारी कुर्सियां बदलती रहती हैं, लेकिन काम की छाप लंबे समय तक याद रहती है। गरोठ में गिरीश शर्मा का कार्यकाल इसी पहचान के साथ याद किया जा रहा है।

0 Comments

Post a Comment

Post a Comment (0)

Previous Post Next Post