1.90 लाख का मादक पदार्थ जब्त: राजस्थान के तस्कर एमपी में सप्लाई करने वाले थे मादक पदार्थ, पुलिस ने तीन को किया गिरफ्तार, देने वाला फरार

भैसोदामंडी । अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत भानपुरा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एमडी पाउडर और डोडाचूरा की तस्करी करते तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 1.90 लाख रुपए मूल्य का मादक पदार्थ सहित मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। पुलिस के अनुसार पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देश पर जिले में नशा मुक्ति अभियान के तहत अवैध मादक पदार्थों की धरपकड़ की जा रही है।

इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता कुरील और एसडीओपी विजय कुमार यादव के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी आर.सी. दांगी और चौकी प्रभारी बलवीर सिंह यादव के नेतृत्व में भैसोदामंडी चौकी पुलिस ने कार्रवाई की। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो युवक बिना नंबर की काले रंग की हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल से एमडी पाउडर और डोडाचूरा लेकर भैसोदामंडी बस स्टैंड से रेलवे फाटक की ओर किसी तस्कर को देने जा रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने भैसोदामंडी रोड पर चेकिंग के दौरान बाइक सवार दो युवकों को रोका। तलाशी लेने पर आरोपियों के पास से 150 ग्राम एमडी पाउडर और 4 किलो 242 ग्राम डोडाचूरा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से कुशाल सिंह (23) पुत्र शिवसिंह निवासी हडमतिया थाना भवानीमंडी और लखन सिंह (21) पुत्र बालूसिंह निवासी हडमतिया थाना भवानीमंडी जिला झालावाड़ को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे यह मादक पदार्थ कुंडीखेड़ा निवासी धीरप सिंह से लेकर आए थे और इसे शामगढ़ थाना क्षेत्र के विश्निया निवासी दशरथ सिंह को देने जा रहे थे। पुलिस ने जांच के दौरान तीसरे आरोपी दशरथ सिंह (24) निवासी विश्निया थाना शामगढ़ को भी गिरफ्तार कर लिया है, जबकि धीरप सिंह फरार है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना भानपुरा में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15, 8/22 और 29 के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

यह सामान हुआ जब्त

  • 150 ग्राम एमडी पाउडर (कीमत करीब 2 लाख रुपए)
  • 4 किलो 242 ग्राम डोडाचूरा (कीमत करीब 10 हजार रुपए)
  • दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन (कीमत करीब 20 हजार रुपए)
  • बिना नंबर की हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल (कीमत करीब 60 हजार रुपए)

इनकी रही सराहनीय भूमिका

कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक आर.सी. दांगी, चौकी प्रभारी बलवीर सिंह यादव, एसआई औकार सिंह ठाकुर, आरक्षक मुख्त्यार सिंह, लोकेन्द्र सिंह, राजेन्द्र सिंह राजावत और मुकेश पाटीदार की विशेष भूमिका रही।

0 Comments

Post a Comment

Post a Comment (0)

Previous Post Next Post