शुजालपुर का शताब्दी उत्सव: 5 मार्च को ‘गौरव दिवस’ मुख्यमंत्री के संभावित आगमन को लेकर प्रशासन अलर्ट

शुजालपुर । नगर पालिका परिषद के 100वें स्थापना दिवस पर 5 मार्च को ‘गौरव दिवस-शताब्दी समारोह’ आयोजित किया जाएगा। आयोजन को लेकर नगर में उत्साह का माहौल है, वहीं प्रशासनिक तैयारियां भी तेज हो गई हैं। मुख्यमंत्री के संभावित आगमन की अटकलों के बीच अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल चयन के लिए निरीक्षण किया।

संभावित आयोजन स्थलों के रूप में सिटी बस स्टैंड और डॉ. शैल कुमार शर्मा स्मृति स्टेडियम का जायजा लिया गया। निरीक्षण दल में एसडीएम राजकुमार हलदर, एसडीओपी निमिष देशमुख, थाना प्रभारी प्रवीण पाठक और सीएमओ ओमप्रकाश शर्मा शामिल रहे। अधिकारियों ने सुरक्षा, यातायात, मंच व्यवस्था और जनसमूह की क्षमता जैसे बिंदुओं पर समीक्षा की।

आधिकारिक पुष्टि नहीं, फिर भी सतर्कता

एसडीएम राजकुमार हलदर ने बताया कि मुख्यमंत्री के दौरे की कोई आधिकारिक सूचना प्राप्त नहीं हुई है। हालांकि, संभावित वीवीआईपी आगमन को ध्यान में रखते हुए व्यवस्थाओं का पूर्व अवलोकन किया जा रहा है। प्रशासन सुरक्षा और ट्रैफिक प्रबंधन की रूपरेखा तैयार करने में जुटा है।

आमंत्रण पत्र में बस स्टैंड स्थल प्रस्तावित

नगर पालिका परिषद शुजालपुर द्वारा जारी आमंत्रण पत्र के अनुसार 5 मार्च 2026 को ‘गौरव दिवस-शताब्दी समारोह’ सिटी बस स्टैंड स्थित आयोजन स्थल पर प्रस्तावित है। कार्यक्रम की रूपरेखा इस प्रकार है-

  • दोपहर 2 बजे: स्थानीय प्रतिभाओं का सम्मान समारोह
  • शाम 7 बजे: भजन गायक सुधीर व्यास की भजन संध्या ‘ये चमक ये, ये दमक...’

मंत्री होंगे मुख्य अतिथि

आमंत्रण पत्र में प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है। इसके अलावा सांसद, विधायक और जिला पंचायत अध्यक्ष सहित अन्य जनप्रतिनिधियों को विशिष्ट अतिथि के तौर पर बुलाया जाना प्रस्तावित है।

नगर में उत्सव जैसा माहौल

शताब्दी वर्ष के इस आयोजन को लेकर नगर में तैयारियां प्रारंभ हो चुकी हैं। साफ-सफाई, सजावट और मंच निर्माण की रूपरेखा पर कार्य हो रहा है। प्रशासन भी बड़े जनसमूह को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को प्राथमिकता दे रहा है।

अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि आयोजन स्थल को अंतिम रूप कब दिया जाएगा और क्या कार्यक्रम में मुख्यमंत्री की उपस्थिति सुनिश्चित होगी।

0 Comments

Post a Comment

Post a Comment (0)

Previous Post Next Post