भवानीमंडी में काव्य की गूंज, होली के रंगों संग सजी यादगार रात

भवानीमंडी | नगर में मंगलवार रात्रि में काव्य, संस्कृति और होली के रंगों का ऐसा संगम देखने को मिला, जिसने नगरवासियों के मन पर अमिट छाप छोड़ दी। व्यापार महासंघ द्वारा आयोजित भव्य कवि सम्मेलन में देशभर से आए नामचीन कवियों ने अपनी ओजपूर्ण, हास्य और श्रृंगार रस से सराबोर रचनाओं से श्रोताओं को देर रात तक बांधे रखा। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। उद्घाटन अवसर पर डॉ. जे.के. अरोड़ा, आरटीएम से संजीव सिंह, पुलिस उपाधीक्षक प्रेम कुमार चौधरी, मंडल अध्यक्ष प्रदीप जैन, नगर कांग्रेस अध्यक्ष विनय आस्तोलिया एवं व्यापार महासंघ अध्यक्ष ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर आयोजन की शुरुआत की। इसके पश्चात महासंघ की कार्यकारिणी ने आमंत्रित कवियों का माल्यार्पण एवं साफा पहनाकर आत्मीय स्वागत किया।

हास्य-व्यंग्य की फुहार, तालियों की गूंज

मुंबई से पधारे सुनील व्यास ने अपने तीखे हास्य-व्यंग्य से श्रोताओं को ठहाके लगाने पर मजबूर कर दिया। दिल्ली से आए चर्चित कवि चेतन चर्चित ने समसामयिक विषयों पर व्यंग्य बाण चलाते हुए खूब वाहवाही लूटी। उज्जैन से रोहित झन्नाट ने अपनी चुटीली शैली से माहौल को पूरी तरह हास्यमय बना दिया, वहीं इंदौर के युवा कवि हिमांशु बावंडर ने अपने नाम के अनुरूप शब्दों का ऐसा बवंडर खड़ा किया कि पंडाल देर तक तालियों से गूंजता रहा।

महासंघ अध्यक्ष गिरीश सोमानी ने स्वागत उद्बोधन में कहा कि विगत कई वर्षों से यह परंपरा नगर की सांस्कृतिक पहचान बन चुकी है। उन्होंने आगंतुक कवियों, अतिथियों एवं व्यापारियों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम की सफलता में सभी के सहयोग की सराहना की।

देर रात तक चले इस कवि सम्मेलन में श्रोता हर प्रस्तुति पर तालियां बजाते और उत्साहपूर्वक झूमते नजर आए।हास्य-व्यंग्य की फुहारों और देशभक्ति की गूंज ने ऐसा समां बांधा कि पूरी रात होली के रंगों में रंगी रही। कार्यक्रम के अंत में महासचिव लकी मारवाड़ी ने सभी अतिथियों, कवियों, सहयोगियों एवं उपस्थित जनसमूह का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर व्यापार महासंघ से सीए प्रकाश गुप्ता, सौरभ बंसल, पुष्पेन्द्र सिंह चौहान, मनिन्दरसिंह भाटिया, आशुतोष गुप्ता, कौशल पालीवाल, वैभव जैन, विरेन्द्र राजौरा, मनोज सोलंकी, शाहबाज चौधरी, राजेश जैन, सुनील गुप्ता, ब्रजेश जांगिड़, विष्णु राठौर, श्याम यादव, शिवम गर्ग, प्रतीक राठी, बिहारी सोनी, रवि जवारानी, पुनीत मंत्री, लोकेश परिहार, अनिल गुप्ता, अनिल मेवाड़ा, आनंद काला, आयुष नाहर सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

0 Comments

Post a Comment

Post a Comment (0)

Previous Post Next Post