भवानीमंडी । नगर के प्राचीन राधेश्याम मंदिर ट्रस्ट की एक दुकान की विवादित बिक्री को लेकर मामला गर्मा गया है। उपखंड अधिकारी कार्यालय में ज्ञापन देकर दुकान की बिक्री प्रक्रिया में भ्रष्टाचार, पक्षपातपूर्ण ऑक्शन और गुपचुप तरीके से रजिस्ट्री किए जाने के गंभीर आरोप लगाए हैं। ज्ञापन में बताया गया कि राधेश्याम मंदिर नगर की ऐतिहासिक एवं धार्मिक आस्था का केंद्र है तथा ट्रस्ट की संपत्तियां जनहित और श्रद्धालुओं की भावनाओं से जुड़ी हुई हैं। आरोप है कि मंदिर ट्रस्ट की बहुमूल्य दुकान को नियमों की अनदेखी करते हुए अपने चहेतों को लाभ पहुंचाने की नीयत से बेच दिया गया। फूलचंद वर्मा ने आरोप लगाया कि दुकान की बिक्री प्रक्रिया में न तो पारदर्शिता बरती गई और न ही सार्वजनिक रूप से निष्पक्ष नीलामी करवाई गई। आम श्रद्धालुओं एवं नगरवासियों को ऑक्शन की जानकारी तक नहीं दी गई। उन्होंने कहा कि बाजार मूल्य से कम कीमत पर दुकान बेचकर मंदिर ट्रस्ट को आर्थिक नुकसान पहुंचाया गया है। दुकान की बिक्री एवं ऑक्शन प्रक्रिया की उच्चस्तरीय निष्पक्ष जांच करवाई जाए, संपूर्ण रिकॉर्ड सार्वजनिक किया जाए तथा गुपचुप तरीके से की रजिस्ट्री को तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दुकान पुनः राधेश्याम मंदिर ट्रस्ट के नाम दर्ज करवाई जाए। साथ ही दोषी अधिकारियों एवं जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए।चेतावनी दी कि यदि दो दिवस के भीतर प्रशासन द्वारा उचित कार्रवाई नहीं की गई तो आमजन एवं श्रद्धालुओं के साथ मिलकर अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया जाएगा, जिसकी समस्त जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। मौके पर फूलचंद वर्मा, राजकुमार पोरवाल, अविनाश परमार, विनय आस्तोलिया, कालूलाल सालेचा, चैनसिंह सिसोदिया, गिरधर गोपाल शर्मा, गोपाल पाटीदार, सन्देश पोरवाल, ललित गुप्ता, अरुण तंवर, मुकुट व्यास, बृजमोहन सोनी, सुरेश मालवीय, बालचंद सेन ईश्वर शर्मा आदि उपस्थित रहे।
भवानीमंडी में राधेश्याम मंदिर ट्रस्ट की दुकान बिक्री का विरोध, एसडीएम कार्यालय में दिया ज्ञापन, जांच नही होने पर अनिश्चितकालीन धरने की चेतावनी
Atulya Bharat News
-
0

Post a Comment