दूधाखेड़ी माताजी मंदिर में महाअष्टमी पर महाआरती, विशाल भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने ग्रहण की प्रसादी

भानपुरा । शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर प्रसिद्ध दूधाखेड़ी माताजी मंदिर में नौ दिवसीय धार्मिक आयोजन के तहत महाअष्टमी पर महाआरती और विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। मां के दर्शन और प्रसादी ग्रहण करने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे। भक्तिमय माहौल में आयोजित कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने धर्मलाभ अर्जित किया।

महाअष्टमी के अवसर पर बरड़िया इस्तमुरार निवासी मनोहर शर्मा, हैंडपंप टेक्निशियन, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग भानपुरा तथा रामदयाल धाकड़ की ओर से भंडारे का आयोजन किया गया। मां दूधाखेड़ी को भोग अर्पित करने के बाद शाम 4 बजे शुरू हुआ भंडारा रात 11 बजे तक चला। इसमें हजारों श्रद्धालुओं, महिलाओं, मरीजों, उनके परिजनों तथा मेले की व्यवस्थाओं में जुटे विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने खीर, पूड़ी और छोले की सब्जी की प्रसादी ग्रहण की।

51 दीपों से हुई मां की महाआरती

महाअष्टमी पर मंदिर के गर्भगृह में भव्य सांध्य महाआरती हुई। मंदिर के मुख्य युवा पुजारी आत्माराम योगी ने शंखनाद के साथ पांच ढोल, घड़ियाल और झालर की गूंज के बीच करीब चार किलो वजनी पीतल के 51 दीपों से मां दूधाखेड़ी की आरती उतारी। इस दौरान मंदिर परिसर मां के जयकारों और भक्तिमय वातावरण से गूंज उठा। महाआरती में हजारों श्रद्धालु शामिल हुए।

सेवाभाव से जुटे श्रद्धालु

भंडारे में प्रसादी वितरण के लिए मंदिर के अस्थायी कर्मचारियों, भक्तों और महिलाओं ने सहयोग किया। आयोजन के लाभार्थी मनोहर शर्मा और रामदयाल धाकड़ ने मंदिर के मुख्य पुजारी को 2100 रुपए नकद और वस्त्र भेंट किए। साथ ही नाथ बाबा, ब्राह्मण समाज, मंदिर कर्मचारियों तथा अन्नक्षेत्र भंडारे में सेवा देने वाले कर्मचारियों को भी नकद भेंट देकर सम्मानित किया।

इस अवसर पर मंदिर प्रबंध समिति के सचिव एवं भानपुरा तहसीलदार मुकेश निगम, गरोठ तहसीलदार विनोद शर्मा, तहसीलदार रघुनाथ मचार, शामगढ़ तहसीलदार पुष्पेंद्र हटीला, एसडीओपी विजय यादव, थाना प्रभारी विनय बुंदेला, बीट प्रभारी एएसआई मेघराज आर्य, ग्राम पटवारी वीरेंद्र सिंह राठौर, पटवारी नितिन सिंह, मंदिर प्रबंधक नरेंद्र कुमार शर्मा, मंदिर व्यवस्थापक रामेश्वर शर्मा, रात्रि सशस्त्र कर्मचारी पंडित ब्रजेश शर्मा, पुजारी घनश्याम नाथ योगी, मंदिर कर्मचारी गोविंद नाथ योगी, जगदीश नाथ योगी, चतुरभुज प्रजापति सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

0 Comments

Post a Comment

Post a Comment (0)

Previous Post Next Post