जटिल बीमारी के बीच डॉक्टर ने किया मोतियाबिंद और कोलोबोमा का ऑपरेशन, पट्टी खुलते ही रमेशचंद्र बोले- अब साफ नजर आ रहा है

भवानीमंडी । आंखों की रोशनी चले जाने का दर्द वही समझ सकता है, जिसने अंधेरे में जिंदगी गुजारी हो। गांव सिंदूरिया निवासी रमेशचंद्र राठौर के लिए करीब एक साल बाद मंगलवार का दिन नई जिंदगी लेकर आया। बचपन से एक आंख खराब थी और करीब एक साल पहले दूसरी आंख में मोतियाबिंद होने के बाद उनकी आंखों की रोशनी भी पूरी तरह चली गई थी। जटिल बीमारी के चलते ऑपरेशन भी चुनौतीपूर्ण था, लेकिन डॉक्टर की कोशिश रंग लाई और पट्टी खुलते ही उनकी आंखों के सामने फिर से दुनिया रोशन हो गई।

नेत्रदान प्रभारी कमलेश गुप्ता दलाल ने बताया कि रमेशचंद्र की एक आंख बचपन से खराब थी। दूसरी आंख में मोतियाबिंद के साथ आइरिस कोलोबोमा की समस्या थी। इसके अलावा कायफोसिस के कारण उन्हें सामान्य दिनचर्या में भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।

कोलोबोमा के साथ किया मोतियाबिंद का ऑपरेशन

परिवार को स्विमिंग एसोसिएशन की ओर से आयोजित नेत्र चिकित्सा शिविर की जानकारी मिली। इसके बाद परिजन रमेशचंद्र को फलोदी नेत्र चिकित्सालय, भवानीमंडी लेकर पहुंचे। यहां नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. निलेश गुप्ता ने सोमवार को जटिल स्थिति के बावजूद कोलोबोमा के साथ मोतियाबिंद का ऑपरेशन किया। कोलोबोमा के कारण ऑपरेशन में सामान्य से अधिक समय लगा। मंगलवार को जब रमेशचंद्र की आंखों से पट्टी हटाई गई तो उन्हें दिखाई देने लगा। करीब एक साल बाद आंखों की रोशनी लौटने की खुशी उनके चेहरे पर साफ दिखाई दी। परिवार ने स्विमिंग एसोसिएशन और चिकित्सक का आभार जताया।

गांववालों के सहारे शिविर में पहुंचे पन्नालाल, दोनों आंखों का ऑपरेशन

इसी शिविर में मानवता की एक और मिसाल देखने को मिली। बाबुल्दा निवासी पन्नालाल दोनों आंखों में मोतियाबिंद के कारण दृष्टिहीनता की परेशानी झेल रहे थे। परिवार में आगे-पीछे कोई सदस्य नहीं होने के कारण गांववाले ही उनकी देखभाल कर रहे थे। गांववाले उन्हें लेकर नेत्र शिविर में पहुंचे। उनकी विशेष परिस्थिति को देखते हुए डॉ. निलेश गुप्ता ने दोनों आंखों के मोतियाबिंद का ऑपरेशन किया। ऑपरेशन के बाद गांववालों की खुशी देखते ही बन रही थी। वे पन्नालाल को साथ ले जाते हुए कह रहे थे "हमारा पन्नालाल अब अपनी ही आंखों से देख सकेगा।" स्विमिंग एसोसिएशन के संरक्षक मदनलाल गुप्ता ने दोनों मरीजों के सफल ऑपरेशन के लिए नेत्र चिकित्सक डॉ. निलेश गुप्ता का आभार जताया।

0 Comments

Post a Comment

Post a Comment (0)

Previous Post Next Post